@voice ऑफ झाबुआ
युवा मोर्चा पार्टी की रीढ है। रीढ मजबूत होती है तो शरीर स्वस्थ रहता है। उसी तरह युवा मोर्चा टीम भावना के साथ सक्रिय और गतिशील रहकर पार्टी की विचारधारा को विस्तारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मध्यप्रदेश युवा मोर्चा संगठनात्मक कार्यों को करने में हमेशा उत्कृष्ट रहता है। आवश्यकता है कि हम नए और रचनात्मक तरीके से संगठनात्मक और सामाजिक कार्यों को करें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को जबलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में कही। बैठक में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी शरदेंदु तिवारी, प्रदेश महामंत्री एवं युवा मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुश्री कविता पाटीदार, मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केन्द्रीय प्रदेश प्रभारी रोहित चहल उपस्थित थे।
राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा में कार्यकर्ताओं को नेतृत्व करने का मौका मिलता है, प्रदेश पदाधिकारी के रूप में आप सभी कार्य कर रहे हैं ये बड़ी जिम्मेदारी है जिसे आपको समझना होगा और कार्य करना होगा। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ युवा मोर्चा के विगत एक वर्षों पर आधारित समर्पण विशेषांक का विमोचन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारे देश की पहचान युवा भारत के रूप में होती है। युवाओं की भूमिका हर क्षेत्र में निर्णायक है। राजनैतिक परिदृश्य को देखे तो जितने भी क्रांतियां हुई है उसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा सक्रियता के साथ संगठनात्मक कार्यो और नवाचारों के साथ आगे बढे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा पर संगठन कार्यों की बड़ी जिम्मेदारी होती है। आप सभी को नवाचार के साथ संगठन को गति देना है।बैठक में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने आगामी कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की।